टीम एबीएन, कोडरमा। विद्यालय संचालन की अवधि को लेकर जिले के सभी कोटि के स्कूलों के शिक्षक इन दिनों असमंजस की स्थिति में हैं। इस वक्त दो-दो समय में स्कूलों का संचलन हो रहा है। कुछ स्कूल सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक तो कुछ स्कूल सुबह नौ बजे से दोपर तीन बजे तक संचालित हो रहे हैं। शिक्षकों की मानें तो स्कूल संचालन की टाइमिंग को लेकर विभाग के द्वारा कोई लिखित और स्पष्ट आदेश निर्गत नहीं है। जिला स्तर से निर्मित अवकाश तालिका में नवंबर से फरवरी तक स्कूल संचालन की अवधि सुबह 9 बजे से अपराहन 3 बजे तक अंकित है। इसी के अनुरूप ई-विद्यावाहिनी में भी जो कि राज्य स्तर से संचालित है,सुबह 9 से 3 बजे तक स्कूल संचालन का समय निर्धारित है। बायोमेट्रिक सिस्टम में आगमन और प्रस्थान समय भी यही निर्धारित है। शिक्षक इसी के अनुरूप विद्यालय जा रहे हैं एवं अपना कार्य कर रहे हैं। जिले में उच्च विद्यालय से प्राथमिक विद्यालय तक शिक्षकों के अलग-अलग संगठन है। जानकारी के अनुसार इनमें से एक संघ के अध्यक्ष को डीईओ अलका जायसवाल ने स्कूल को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलाने का मौखिक आदेश दिया है। जबकि शेष संघ नेता इससे अनभिज्ञ हैं। इसके कारण कुछ विद्यालय सुबह 8 बजे से अपराहन 2 बजे तक एवं कुछ विद्यालय सुबह 9 बजे से अपराहन 3 बजे तक संचालित हो रहे हैं। ऐसे में जो स्कूल मौखिक आदेश का पालन करते हुए 6 से 8 तक के बच्चों के लिए सुबह 8 बजे से संचालित हो रहे हैं उन्हें कड़ाके की ठंड में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे बच्चे उच्च विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों से उम्र में छोटे भी हैं। शिक्षकों का कहना है कि यदि विद्यालय संचालन की अवधि सुबह 8 से अपराह्न 2 बजे तक की गई है तो शिक्षा विभाग के द्वारा इससे संबंधित एक लिखित आदेश निर्गत किया जाना चाहिए था, जिसको सभी विद्यालय के शिक्षक अनुपालन करते। किंतु ऐसा नहीं हुआ है। ऐसे में कठिनाई यह हो रही है कि जिन स्कूलों का संचालन राज्यादेश और ई-विद्यावाहिनी के अनुसार सुबह 9 बजे से हो रहा है वहां अधिकारी 9 बजे से पहले पहुंचते हैं तो जांच में स्कूल बंद पाए जाने का रिपोर्ट किया जा रहा है। शिक्षकों के असमंजस को दूर करने के विभाग द्वारा कोई लिखित आदेश निकाला जाना चाहिए।
क्या कहते हैं अधिकारी : इस बारे में कोडरमा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहदेव महतो ने पूछे जाने पर कहा कि डीईओ मैडम के कथनानुसार स्कूल का संचालन सुबह 8 से अपराह्न 2 बजे तक होना है। संघ के ग्रुप में यह मैसेज चल रहा है। अर्थात उन्होंने भी स्कूल संचालन से संबंधित कोई लिखित आदेश निर्गत नहीं होने की बात को स्वीकार किया है।