एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। तेतुलमारी क्षेत्र में कोयला का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। खास सिजुआ (एरिया 4) 40 नंबर में धड़ल्ले से खुलेआम अवैध कारोबार चलाया जा रहा है, लेकिन कोयला माफिया पर कोई कार्रवाई तक नहीं हो रही है। जिससे कोयला माफियाओं का मनोबल बढ़ते जा रहा है। बड़े पैमाने पर कोयला का अवैध कारोबार बढ़ता जा रहा है। जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है।
कोयला माफिया का मनोबल इतना बढ़ गया है कि ये दिन के उजाले में खुलेआम कोयला का अवैध कारोबार कर रहे हैं और फिर रात्रि में कोयला को ट्रकों में लोड करवा कर अवैध कोयले के भट्ठे में भेज देते हैं। यही नहीं तेतुलमारी क्षेत्र अंतर्गत जनरल कुष्ठ हॉस्पिटल से होकर गुजरने वाले पीसीसी सड़क मार्ग के किनारे चहारदीवारी के भीतर अवैध कोयल को डंप कर भंडारण किया जा रहा है। रात्रि में अवैध कोयला को भट्ठे में भेजा जा रहा है।
कोयला माफिया बड़े पैमाने पर कोयला के अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं, जिससे तेतुलमारी क्षेत्र के थाना प्रभारी की भी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। अगर जल्द कोयला तस्करी पर रोक नहीं लगाया गया तो ऐसे ही खुलेआम कोयला तस्करी होती रहेगी और भ्रष्टाचार बढ़ते रहेगा। जिसे लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की है।