टीम एबीएन, रांची। सहायक श्रमायुक्त, रांची की अध्यक्षता में आज बस मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों की एक बैठक आयोजित की गई। सहायक श्रमायुक्त, रांची द्वारा मोटर परिवाहन कर्मकार अधिनियम 1961 के अन्तर्गत स्थापना/ प्रतिष्ठान को निबंधन/ नवीनीकरण एवं मोटर परिवहन में नियोजित चालक/ सह चालकों को उक्त अधिनियमों के विभिन्न प्रावधान का विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी।
बैठक की कार्यवाही के क्रम में सर्वोच्च न्यायालय के रिट संख्या- 295/2012 द्वारा दिये गये निर्देश के आलोक में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा-91 साथ ही साथ मोटर परिवहन कर्मचारी अधिनियम, 1961 के धारा-13 के अन्तर्गत निर्धारित कार्यावधि के आलोक में सभी बस चालकों, सह चालकों (खलासियों) एवं अन्य कर्मचारियों के कार्य अवधि को प्रतिदिन अधिकतम 8 घण्टे एवं सप्ताहिक 48 घण्टे निर्धारित करने की बात कही गई।
जिसके आलोक में सभी बस चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों द्वारा बताया गया उनके यहाँ नियोजित सभी कर्मियों से 8 घंटे से ज्यादा समय तक कार्य नहीं कराया जाता है तथा लंबी दूरी के परिवहन के कार्य में एक से ज्यादा कर्मियों को रखा जाता है ताकि किसी एक व्यक्ति पर कार्य अधिकता का दबाव न हो।
सहायक श्रमायुक्त द्वारा सभी बस मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिया गया कि वे अपने अधीन कार्यरत सभी कर्मियों को प्रत्येक माह के 7 तारीख तक उनके मजदूरी का भुगतान हर परिस्थिति में करना सुनिश्चित करेंगे, ताकि मजदूरों के हित में बनी मजदूरी भुगतान अधिनियम, 1936 का अनुपालन हो सके।
उपस्थित सभी बस मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को अपने सभी कर्मचारियों को बैंक खाता के माध्यम से उनका मजदूरी भुगतान सुनिष्चित करने का निर्देश दिया गया। सहायक श्रमायुक्त ने उपस्थित बस मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को नाबालिगों को किसी भी तरह के कार्य में अपने यहां नियोजित नहीं करने की हिदायत देते हुए इसके उल्लंघन की स्थिति में संभावित दंड के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी तथा उन्हें अपने कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा करने का निर्देश दिया।
बैठक में सहायक श्रमायुक्त, रांची अविनाश कृष्ण के साथ झारखण्ड चैंबर के एरकउ उप समिति चेयरमैन प्रमोद कुमार सास्वत, बस आॅनर एसोसियेशन के अध्यक्ष अरूण कुमार बुधिया, झारखंड ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष ललन श्रीवास्तव, सचिव, झारखंड ट्रक मालिक संघ के उदय सिंह, झारखंड प्रदेश बस आनर्स एसोशियेशन के अध्यक्ष सच्चिदानन्द सिंह एवं बस आॅनर रांची के अध्यक्ष अशफाक आजम उपस्थित रहे।