Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

रातू रोड फ्लाईओवर के नीचे दोबारा अतिक्रमण किया तो...

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
रातू रोड फ्लाईओवर के नीचे दोबारा अतिक्रमण किया तो...
विज्ञापन
  • रातू रोड फ्लाईओवर के नीचे से हटाया गया अतिक्रमण
  • दोबारा दुकान लगाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी 

टीम एबीएन, रांची। रांची में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से बनाए गए तीन प्रमुख फ्लाईओवर अब अपनी उपयोगिता सिद्ध कर रहे हैं। यातायात की सुगमता में इन फ्लाईओवरों की भूमिका अहम साबित हो रही है। लेकिन अब इनके नीचे अवैध अतिक्रमण की समस्या तेजी से बढ़ने लगी है, जिससे नीचे की सड़कों पर फिर से जाम की स्थिति बनने लगी है। इसी को लेकर रांची नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने शुक्रवार को एक बड़ा अभियान चलाया।

अभियान के तहत किशोरी यादव चौक से लेकर रातू रोड और पिस्का मोड़ तक फ्लाईओवर के नीचे और सड़क के किनारे लगाए गए अवैध ठेले, दुकानें और अतिक्रमण को हटाया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर दुकानदारों और निगम कर्मियों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखी गई, लेकिन अंततः अतिक्रमण हटाया गया। निगम की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि फ्लाईओवर के नीचे दोबारा दुकान लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में रांची नगर निगम के जनसंपर्क पदाधिकारी गौतम प्रसाद साहू ने कहा कि फ्लाईओवर बनाने का उद्देश्य ट्रैफिक को राहत देना था, लेकिन अगर उसके नीचे अतिक्रमण होगा तो सारा उद्देश्य विफल हो जाएगा। उन्होंने कहा, यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो फ्लाईओवर के नीचे की सड़कों पर भी फिर से जाम की समस्या शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा लगातार अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे फ्लाईओवर के नीचे या सड़क किनारे अतिक्रमण न करें। इससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, कांटाटोली और सिरमटोली फ्लाईओवर से लोगों को राहत भी मिल रही है। लेकिन अगर फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण होने लगा तो नीचे की सड़कों पर फिर से वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 40,241