नगर निगम नहीं कर रहा कचरे का उठाव, दुर्गंध से हटियावासी का हो रहा है जीना मुहाल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कतरास/ धनबाद। कतरास क्षेत्र में कई महीनों से कचरा साफ नहीं किया जा रहा है और साफ-सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। लोगों को न तो निर्बाध रूप से पानी ही मिल पाता है और न ही बिजली। जो सबसे प्रमुख कार्य है कचरा का उठाव वो तो होता ही नहीं है। कचरे के दुर्गंध से हटिया में महामारी की आशंका है, जिससे लोग दहशत में हैं।
नगर निगम वार्ड संख्या एक अंतर्गत कतरास बाजार बकरी हटिया में कई महीनों से कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिसे नगर निगम उठाव नहीं कर रहा है। नगर निगम कर्मी साफ-सफाई को लेकर तनिक भी गंभीर नही दिख रहे हैं। बता दें कि हर रोज हटिया में सब्जी बेचने वालों का बची हुई सड़ी गली सब्जी आलू, प्याज एवं बगल में चल रहे होटल का कूड़ा कचरा भी उसी जगह डाल दिया जाता है।
कई महीने से साफ-सफाई नहीं होने के कारण अब कचरे से बदबूदार दुर्गंध फैलने लगी है। जिसके कारण हटिया में आने वाले लोगों को और वहां रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बता दें कि यदि जल्द ही कचरे का उठाव नहीं किया गया तो आने वाले समय में बीमारी और महामारी भी फैल सकती है।
अब देखना है कि कब तक हटिया के लोगों को इस दुर्गंध को झेलना पड़ेगा, जिसको लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने मुख्यमंत्री और धनबाद डीसी को ट्वीट कर अविलंब संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।