झारखंड
झारखंड : ठंड से मिलेगी राहत, छह जनवरी से छाएंगे बादल
ABN Bureau
•
02 Jan, 2022
2 Views
विज्ञापन
रांची। झारखंड में उत्तर पश्चिमी और उत्तर दिशा से आ रही बफीर्ली हवा की वजह से रविवार को भी ठंड से आमजन को राहत नहीं मिली। राज्य में न्यूनतम तापमान में एक से चार डिग्री सेसि की गिरावट की वजह से ठंड का असर अभी ज्यादा है। रांची, बोकारो थर्मल, देवघर और हजारीबाग जिला में न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेसि से नीचे चल रहा है। वहीं, चाईबासा और जमशेदुपर का पारा दस और 11 डिग्री सेसि के बीच में है।
राज्य में रांची में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को राज्य के मध्य और उत्तर पूर्वी भाग में ठंड का प्रभाव ज्यादा रहेगा। इसमें रांची, खूंटी, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और देवघर जिला का तापमान नौ से दस डिग्री सेसि के बीच रहेगा। राज्य के शेष जिला का तापमान 11 से 12 डिग्री सेसि रहेगा। हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के बाद से झारखंड की ओर आ रही हवा में तीखापन से लोग दिन में भी ठंड महसूस करते रहे। आसमान साफ रहने और दिन में खिली धूप के बावजूद लोगों ने ठंड से बचाव के लिए गरम कपड़े का सहारा लिया। शाम होते ही ठंड और बढ़ गई। इससे किसी काम के सिलसिले में घरों से बाहर निकले लोगों ने कनकनी महसूस की। देर शाम के बाद घरों में लोगों ने ठंड से राहत के लिए हीटर और अलाव का सहारा लिया। मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले तीन से चार दिन तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान में बदलाव नहीं होने की वजह से दिन और रात में ठंड की स्थिति कायम रहेगी।
विज्ञापन