मादक द्रव्यों का सेवन से अंधकारमय होता है भविष्य
निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध पलामू में चल रहा जन जागरूकता कार्यक्रम, 26 को मैराथन दौड़
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरूद्ध जागरूकता अभियान चल रहा है। 10 जून से 26 जून तक यह अभियान चलेगा। जागरूकता अभियान के तहत पलामू उपायुक्त समीरा एस० ने नशे की रोकथाम को लेकर समेकित पहल करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि व्यक्ति स्वयं मादक पदार्थों का सेवन नहीं करें। नशे से कोई सरोकार नहीं रखें। इससे समाज में बदनामी के साथ-साथ पूरा परिवार बर्बाद होता है। मादक द्रव्यों के सेवन से भविष्य अंधकारमय हो जाता है।
पलामू उपायुक्त समीरा एस के निर्देशानुसार तिथिवार जारी कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं माध्यमिक/ उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही विभिन्न पंचायतों के गांवों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के एलईडी वैन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर मंगलवार की शाम रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। मौके पर स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं एवं अभिभावकों को नशा एवं मादक पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले दुषरिणामों के बारे में जागरूक किया गया। चौपाल के दौरान उपस्थित लोगों को नशा न करने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा एक स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज की स्थापना में योगदान देने की शपथ दिलायी गयी। वहीं बुधवार के भी परिचर्चा, रैली एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने प्रभातफेरी निकाली, साइकिल जुलूस निकाला और सामूहिक रूप से अपने पोषक क्षेत्र में रह रहे लोगों के घर-घर जाकर नशा से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए इसे छोड़ने की अपील की। इसके साथ-साथ ही लोगों को शपथ दिलायी गयी। नगर निकाय क्षेत्रों में भी जागरूकता का कार्यक्रम किया गया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से एलईडी वैन के माध्यम से लोगों को विभिन्न प्रखंडों के पंचायत एवं सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र एवं नगर निकाय क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों को लघु फिल्म के माध्यम से मादक पदार्थों के दुरुपयोग के दुष्परिणाम तथा इससे बचने के उपाय आदि की जानकारी दी गयी। वहीं लोगों के बीच पंपलेट का वितरण किया गया, जो मादक पदार्थों के सेवन नहीं करने एवं उसके दुरूपयोग के दुष्परिणाम तथा इससे बचाव के उपायों पर आधारित है।