टीम एबीएन, रांची। देवघर एम्स में विश्व योग दिवस के अवसर पर आज से 24 घंटे इमरजेंसी सेवा शुरू हो जायेगी। एम्स में 30 बेड के इमरजेंसी ब्लॉक का उद्घाटन । इसे लेकर इमरजेंसी ब्लॉक में सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है। इस इमरजेंसी सेवा में गंभीर मरीजों को अत्याधुनिक जीवन रक्षक इक्विपमेंट से सुविधा मिलेगी। 30 बेड में 20 वेंटिलेटर की सुविधा है। सभी 30 बेड में क्रिटिकल इक्विपमेंट इंस्टॉल किये गये हैं। इसमें ऑक्सीजन हर्ट मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर सहित कई इक्विपमेंट इंस्टॉल किये गये हैं। इससे गंभीर रूप से बीमार व घायल रोगियों की जान बचाने में मदद मिलेगी।
इमरजेंसी सेवा की शुरुआत में छाती में दर्द, पेट में तेज दर्द, खांसी और खून की उल्टी, गंभीर, जलन, गहरे घाव, सांस लेने में कठिनाई, सांस फूलना, गंभीर सिरदर्द, तेज बुखार आदि रोगियों की भर्ती व इलाज शुरू हो जायेगा। इसके साथ ही अगले तीन महीने में एम्स के इमरजेंसी सेवा में ट्रॉमा सेंटर की सुविधा भी शुरू हो जायेगी. ट्रॉमा सेंटर में एक्सीडेंट, सिर की गंभीर चोट, रीढ़ की हड्डी की चोट, छाती में चोटी, गंभीर घायलों का इलाज शुरू होगा। अगले छह महीने में ब्रेन हेमरेज व हृदय गति वाले रोगियों की भर्ती होगी।