केदारनाथ के पास हेलीकॉप्टर क्रैश
7 लोगों की मौत; CM हेमंत ने जताया दुख
एबीएन सेन्ट्रल डेस्क। अहमदाबाद विमान हादसे को अभी लोग भूले भी नहीं थे कि उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम से वापस फाटा आ रहा हेलिकॉप्टर रविवार की सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर क्रैश हो गया। हादसा इतना वीभत्स था कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं, सीएम हेमंत सोरेन हादसे पर दुख जताया है।
सीएम हेमंत ने कहा, केदारनाथ से गुप्तकाशी जा रहे हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से 5 श्रद्धालुओं की मृत्यु की दुखद सूचना मिली है। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
बता दें कि मौके पर ही सभी 7 शव बुरी तरह से जल गए हैं। शवों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जायेगा। वहीं घटना के बाद आज के लिए हेलीकॉप्टर सेवा चार धाम में बंद कर दिया गया है। हेलिकॉप्टर गौरीकुंड के जंगल में क्रैश हुआ है। कहा जा रहा है कि खराब मौसम के कारण यह हादसा गौरीकुंड और त्रिजुगीनारायण के बीच हुआ।दुर्घटनाग्रस्त हुआ हेलीकॉप्टर आर्यन कंपनी का था।