रांची एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग
टीम एबीएन, रांची। पटना से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को सोमवार दोपहर उस समय आपात स्थिति में लैंडिंग करनी पड़ी, जब रनवे से करीब 10 से 12 नॉटिकल माइल दूर और 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर विमान एक पक्षी से टकरा गया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची के निदेशक आर।आर।
मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि, इंडिगो फ्लाइट संख्या (एयरबस ए320) को दोपहर 1:14 बजे इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में लगभग 175 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं। हालांकि, विमान को पक्षी से टकराने के कारण बाहरी हिस्से में डेंट लगा है। आरआर मौर्य के अनुसार, तकनीकी टीम विमान की स्थिति की जांच कर रही है। पक्षी से टकराने की वजह से विमान को फिलहाल ग्राउंडेड कर दिया गया है, जब तक सभी सुरक्षा मापदंड पूरे नहीं हो जाते।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह विमान रांची पहुंचने के बाद कोलकाता के लिए रवाना होने वाला था, लेकिन घटना के बाद उसकी आगे की उड़ान फिलहाल स्थगित कर दी गयी है। इंडिगो की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यह पहली बार नहीं है जब किसी विमान को पक्षी से टकराने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी हो। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
जब उड़ते समय कोई पक्षी विमान से टकरा जाता है, तो उसे बर्ड स्ट्राइक कहा जाता है। यह एक आम लेकिन खतरनाक स्थिति होती है, जो विमान की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। ज्यादातर बर्ड स्ट्राइक की घटनाएं एयरपोर्ट के आस-पास होती हैं, खासकर जब विमान टेक-आफ (उड़ान भरते समय) या लैंडिंग (उतरते समय) कर रहा होता है।