Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

19 को होगा रातू रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन

19 को होगा रातू रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन
विज्ञापन

रातू रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर बनकर तैयार, नितिन गडकरी इस दिन करेंगे उद्घाटन 

टीम एबीएन, रांची। रांची के बहुप्रतीक्षित रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का लोकार्पण 19 जून को होगा। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे। रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में नितिन गडकरी से मुलाकात कर फ्लाईओवर के लोकार्पण की तिथि निर्धारित करने का आग्रह किया। 

कहा जा रहा है कि गडकरी ने उद्घाटन कार्यक्रम के लिए सहमति प्रदान कर दी है। वहीं, बता दें कि यह झारखंड का पहला एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो राजधानी रांची में बनने जा रहा है। इससे लोगों को जाम से निजात मिलेगी। रातू रोड से कचहरी और अन्य जगहों पर जाने वाले लोगों को अब खराब रास्ते और जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। पहले जहां 30 मिनट या उससे ज्यादा समय लगता था, अब वही रास्ता 5 मिनट में तय किया जा सकेगा। 

पंडरा से रातू रोड आने वाले लोग भी बिना जाम के 10-15 मिनट में अपनी मंजिल तक पहुंच पायेंगे। स्कूल बसों को भी अब जाम में फंसने की समस्या से निजात मिलेगी। इस रूट पर कई महत्वपूर्ण और बड़े स्कूल हैं, जिनकी बसें अक्सर जाम में फंस जाती थीं। अब बच्चों को समय पर घर पहुंचने में आसानी होगी। खराब सड़क और जाम के कारण यहां पर एक्सीडेंट भी काफी होते थे। 

अब नीचे चकाचक सड़क और ऊपर फ्लाईओवर से जाम और एक्सीडेंट दोनों से राहत मिलेगी। फ्लाईओवर में कई जगह रैंप बनाये गये हैं, जिससे रातू रोड, राजभवन, इटकी रोड और आकाशवाणी केंद्र पर आसानी से उतरा जा सकेगा। कचहरी जाना भी अब आसान हो गया है। राजभवन के थोड़ा आगे एक और रैंप है, जिससे आप पैदल भी 5 मिनट में कचहरी पहुंच सकते हैं। फ्लाईओवर बनने से न सिर्फ सहूलियत होगी, बल्कि शहर की खूबसूरती में भी इजाफा होगा। 

फ्लाईओवर के पिलर पर खूबसूरत सोहराई पेंटिंग बनाई गई है, जो देखने में आकर्षक है और शहर की संस्कृति को भी बढ़ावा देती है। 4 किलोमीटर लंबा यह फ्लाईओवर लगभग 291 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार है। रांची वासियों को इसके शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है। रात में जगमगाती फ्लाईओवर की लाइटें रात की खूबसूरती को और बढ़ा रही हैं।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 10,587