हरिहरगंज पलामू (राजेश प्रसाद)। शहरी क्षेत्र के अररुआखुर्द में एनएच 98 स्थित अररुआ खुर्द मध्य विद्यालय के समीप शुक्रवार की शाम अनियंत्रित ट्रक ने मजदूर को ले जा रहे पिकअप जीप में टक्कर मार दी। इससे पिकअप पर सवार तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि तीन मजदूर को गंभीर अवस्था में औरंगाबाद इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में हो गई। इनके अलावा चार घायलों को सीएचसी में प्राथमिक चिकित्सा के बाद गंभीर अवस्था को देखते हुए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है। मृतकों में पांकी थाना के जीरो गांव निवासी कालो कुमारी, रीता कुमारी, बसंती कुमारी, नीलम कुमारी, अर्पणा देवी तथा कमलेश भुइयां शामिल है। जबकि बब्लू भुइयां, विनोद भुइयां, दिनेश सिंह तथा सूरज बिहारी सिंह को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त सभी मजदूर बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत ओबरा थाना के सिहोरा गांव से धान काट कर पिकअप (बीआर 26 जीए 2268) से अपने घर वापस लौट रहे थे। तभी उस स्थान पर छतरपुर से औरंगाबाद की ओर केला लाद कर जा रहे ट्रक (बीआर 26 जीबी 4812) ने अनियंत्रित होकर पिकअप में टक्कर मार दी। वहीं टक्कर मारने के बाद कुछ दूरी पर जाकर वह ट्रक बिजली खंभे से टकराते हुए पलट गई। उधर इस दुर्घटना के होते ही आसपास के ग्रामीण काफी संख्या में इकट्ठा होकर घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। वहीं सूचना के बाद बीडीओ जयप्रकाश नारायण, सीओ वासुदेव राय, थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास दल बल के साथ पहुंचकर राहत और बचाव कार्य चलाया। इस दुर्घटना के बाद एनएच 98 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस आवागमन सामान्य बनाने में लगी हुई है।