धधकते अंगारों पर शिव भक्तों ने नन्गे पैर चलकर आस्था का दिया परिचय
टीम एबीएन, लोहरदगा। जिले के किस्को प्रखंड अंर्तगत पाखर पंचायत के तिसिया गांव में शिव मंडा पूजा समिति बैनर तले रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि में फुलखुंदी एवं भव्य नागपुरी प्रोग्राम का आयोजन किया गया। जिसका समापन सोमवार सुबह करीब 5 बजे हुआ।
नागपुरी कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आईपीएस अधिकारी किस्को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वेदांत शंकर एवं किस्को थाना प्रभारी सुमन मिंज सहित अन्य अतिथियों के द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इसके बाद कमेटी की ओर से सभी अतिथियों को गमछी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
मौके पर समिति के अध्यक्ष राजू गुप्ता एवं सचिव राजेन्द्र यादव ने दूर-दराज से पहुंचे, सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि शिव मंडा पूजा एवं फुलखुन्दी शिव भक्तों के आस्था से जुड़ा हुआ है। यहां से सभी शिव भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। साथ ही कहा कि नागपुरी प्रोग्राम से आपसी भाईचारे एवं संस्कृति की पहचान दिलाती है।
जिसके बाद दसरथ साहू म्यूजिकल ग्रुप रांची के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नागपुरी, भक्ति एवं भोजपुरी गानों से लोगो को मंत्रमुग्ध किया। वहीं फुलखुन्दी कार्यक्रम में पुरोहित उत्तम पाठक के द्वारा पूजा पाठ करायी गयी। जिसके बाद शिव भक्तों ने धधकते अंगारों पर नंगे पैर चलकर आस्था का परिचय दिया।
ऐसा मानना है कि अंगारों पर चलने से उनकी हर एक मनोकामना पूरी हो जाती है। भगवान शिव में गहरी आस्था और विश्वास के साथ हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची थी।
मौके पर एसआई देवेंद्र हांसदा, उपमुखिया रामजीत लोहरा, पंचायत समिति सदस्य बीरेंद्र उरांव, पूजा समिति के उपाध्यक्ष सुरेश लोहरा, संरक्षक विजय सिंह, बंधु भगत, कुंवर सिंह, मनोज उरांव, आनंद बैठा, उदय राय, उज्ज्वल पाठक, मनोज ठाकुर, अवधेश राय, अभिषेक ठाकुर, संजय यादव, सोमरा लकड़ा, आदित्य शाही, मिथलेश गुप्ता, राजेश गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे।