झारखंड में 22 अप्रैल तक होगी बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मौसम का मिजाज बदला-बदला है। शुक्रवार को कई जिलों में गरज के साथ बारिश हुई। वहीं बड़े-बड़े ओले भी गिले। दरअसल साइक्लोनिक सकुर्लेशन व बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण झारखंड में भी इसका असर पड़ा है। मौसम विभाग ने 22 अप्रैल तक बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान राज्य के तकरीबन हर हिस्से में बारिश, वज्रपात और तेज हवा के चलने की संभावना है। 23 से मौसम के साफ होने की उम्मीद है। वहीं, 20 अप्रैल को हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, धनबाद, बोकारो, चतरा, रामगढ़, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा और गोड्डा में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा चल सकती है।
वज्रपात की भी संभावना है। शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़ शेष सभी हिस्सों में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना है। हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। वहीं, पिछले 24 घंटे में राज्य में कुछ स्थानों पर गर्जन और आंधी के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।
सबसे अधिक वर्षा 39.0 एमएम बहरागोड़ा में दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस धनबाद में दर्ज किया गया।