इटखोरी पुलिस ने ड्रोन से छतों और सड़कों की ली निगरानी
सड़क किनारे और छतों पर रखे ईंट-पत्थर हटाने का आदेश, नहीं तो होगी कार्रवाई
एबीएन न्यूज नेटवर्क, इटखोरी। आगामी रामनवमी और ईद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस सतर्क हो गयी है। गुरुवार को इटखोरी पुलिस ने ड्रोन के माध्यम से झांकी निकलने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने धनखेरी, इटखोरी चौक, परसौनी, खडोनी समेत अन्य स्थानों पर सुरक्षा जांच की।
थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए सड़क किनारे और मकानों की छतों पर रखे ईंट-पत्थरों को तुरंत हटाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई इस आदेश का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करें और पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनायें। इस मौके पर एएसआई पंकज कुमार, रामनवमी पूजा महासमिति अध्यक्ष टुन्नी सिंह के साथ पुलिस बल के जवान मौजूद थे।