- मंईयां सम्मान योजना की राशि से वंचित महिलाएं न हो परेशान, बैंक खाते को आधार कार्ड से लिंक कराये बिना ही मिल जायेंगे पैसे
टीम एबीएन, रांची। मंईयां सम्मान योजना में जिन महिलाओं के बैंक खाते आधार कार्ड से लिंक नहीं है उन्हें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं क्योंकि उन महिलाओं को भी अब योजना का लाभ मिलेगा।
सभी को 31 मार्च तक योजना की बकाया राशि मिल जायेगी
दरअसल, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार की कैबिनेट मीटिंग में प्रस्ताव पास कर दिया है कि जिन महिलाओं के खाते में आधार कार्ड लिंक नहीं है उनके खाते में भी पैसे भेज दिये जायेंगे। दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि सभी को 31 मार्च तक योजना की बकाया राशि मिल जायेगी।
बता दें कि मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं को एक साथ 3 महीनों की किस्त यानी 7500 रुपये मिल चुके हैं। कुछ महिलाओं के खाते में 7500 रुपये आ चुके हैं तो वहीं कुछ महिलाओं के खाते में अभी तक यह पैसे नहीं आये हैं।
सरकार ने कहा था कि जिन महिलाओं का बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक नहीं है वह जल्द करा लें नहीं तो महिलाएं योजना के लाभ से वंचित हो जायेगी। इसके चलते सरकार ने उन महिलाओं की राशि भी होल्ड पर रखी हुई है, लेकिन अब देखना ये होगा कि क्या इन महिलाओं के बैंक खाते आधार कार्ड से लिंक कराये बिना ही इन्हें राशि मिलती है कि नहीं।