रांची में अवैध शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
टीम एबीएन, रांची। उत्पाद विभाग की टीम ने ओरमांझी में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। भारी मात्रा में अवैध नकली शराब जब्त की गयी है। इस मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। यह कार्रवाई सहायक उत्पाद आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा के निर्देश पर हुई है। छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारियों ने बताया कि किराए के मकान में बड़े स्तर पर शराब की रिफिलिंग की जा रही थी। इसके लिए एक मशीन भी रखी गयी थी।
घटनास्थल से लाखों की शराब जब्त हुई है। सहायक उत्पाद आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम गुप्त सूचना के आधार पर जब छापेमारी करने एक घर में घुसी तो वहां की व्यवस्था देख भौंचक रह गई। उस मकान में महंगी शराब की खाली बोतलों का ढेर लगा हुआ था। महंगी शराब की बोतलों में सस्ती शराब भरकर नए सिरे से बोतलों को सील किया जाता था। यह धंधा कुछ महीना पहले ही शुरू हुआ था।
उत्पाद विभाग की टीम ने अभी तक गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम का खुलासा नहीं किया है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि महंगी बोतल में भरी शराब को कहां-कहां खपायी जाती थी। इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल, इस सफलता से टीम बेहद उत्साहित है। छापेमारी दल में उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर रजनीश कुमार, एसआई प्रकाश मिश्रा, दिलीप शर्मा, पंकज कुमार, स्नेह आशीष सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।