रांची में सिरम टोली फ्लाईओवर को लेकर सरना समिति के द्वारा जगह जगह आगजनी की गयी
टीम एबीएन, रांची। सिरम टोली फ्लाईओवर को लेकर सरना समिति द्वारा बुलाए गए रांची बंद के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में आगजनी और जाम की स्थिति बनी हुई है। सरना समिति के समर्थकों ने कई स्थानों पर टायर जलाकर सड़कों को अवरुद्ध कर दिया है, जिसमें लोवाडीह क्षेत्र भी शामिल है। मौके पर मौजूद पुलिस बल यातायात को सुचारू करने में जुटी हुई है।
बंद को देखते हुए पुलिस न केवल सतर्कता बरत रही है, बल्कि बंद समर्थकों को सख्त चेतावनी भी दी गई है कि अगर किसी ने गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम दिया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
जहां-जहां बंद समर्थक पहुंच रहे हैं, उनकी वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है।
रांची बंद को देखते हुए सबसे ज्यादा सुरक्षा व्यवस्था सिरम टोली फ्लाईओवर के पास लगाई गई है। सिरम टोली के पास वज्र वाहन के साथ-साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।