- झारखंड के कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट, 2-3 डिग्री गिरेगा पारा; लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत
टीम एबीएन, रांची। मंगलवार को भी झारखंड के अधिकतर जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट संभव है। न्यूनतम तापमान में भी 2 डिग्री की गिरावट संभव है। इससे दिन और रात में हल्की ठंड का एहसास होगा और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
नॉर्थ छत्तीसगढ़ के पास बने टर्फ, अरब सागर से आ रही नमी और हवाओं के टकराव से मौसम बदलेगा। इस प्रभाव से आंशिक रूप से राज्य के उत्तर और उससे सटे मध्य भाग में आसमान पर बादल बनने की वजह से वज्रपात और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होनी की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड के कुछ जिले जैसे पलामू, लातेहार, गढ़वा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, लोहरदगा, लातेहार, रांची, धनबाद, बोकारो, पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां व खूंटी में अच्छी खासी बारिश हो सकती है। वहीं, अन्य जिलों में हल्की या फिर बूंदाबांदी बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 से 30 डिग्री रह सकता है।
न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक जा सकता है। कल यानी 19 मार्च को राज्य के उत्तर पश्चिमी, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं पर गरज के साथ वज्रपात की आशंका है। 20 मार्च को उत्तरी, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि, गरज के साथ तेज हवाओं के झोंके चल सकते हैं।
वज्रपात की भी आशंका है। 21 मार्च को उत्तरी, दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि, गरज के साथ तेज हवाओं के झोंके चल सकते हैं। वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने इस बाबत येलो अलर्ट जारी किया है और सुरक्षित रहने की अपील की है।
झारखंड में बीते 24 घंटे में मौसम काफी सुहावना रहा। राजधानी रांची की बात करें तो यहां दिनभर आंशिक बादल छाए रहे। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आई और कड़ी धूप से लोगों को राहत मिली। वहीं, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, लोहरदगा व लातेहार जैसे जिलों में हल्की बारिश से मौसम थोड़ा ठंडा रहा।