सतबरवा, पलामू (जीवन)। युवा कल्याण संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति के सदस्य सह पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने कहा है कि मलय डैम पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। रांची मेदनीनगर मुख्य सड़क से 6 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा जो मलय डैम को मुख्य सड़क से जोड़ने का कार्य करेगा। सड़क निर्माण के लिए सरकार के पर्यटन विकास विभाग के द्वारा प्रस्ताव पारित कराकर सतबरवा एनएच 39 से मलय डैम तक 6 किलोमीटर सड़क को स्वीकृत करा लिया गया है। वहीं उन्होंने बताया कि सरकार के पास मलय डैम को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने के लिए प्रस्ताव दिया गया था। सरकार ने पर्यटन क्षेत्र के लिए दिए गए प्रस्ताव को मान लिया है।मलय डैम को पर्यटन क्षेत्र से जोड़ने की पहल शुरू हो चुकी है। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए डैम के अंदर पानी में बोट तथा मोटरबोट देने का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। विधायक ने कहा कि जगह- जगह पर लाइटिंग की व्यवस्था होगी। डैम के परिधि में पार्क बनाने का निर्णय पर्यटन विभाग ने लिया है। कैंटीन, शौचालय और शेड का भी निर्माण कराया जाएगा ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। वहीं विधायक श्री मेहता ने बताया कि विभाग के पास ये सभी प्रस्तावो को भेजा गया है बहुत जल्द स्वीकृत होकर कार्य शुरू किए जाएंगेे। इधर मेदिनीनगर ग्रामीण विकास विभाग पथ प्रमंडल के असिस्टेंट इंजीनियर ने बताया कि मलय डैम को पर्यटन स्थल से जोड़ने के लिए 6 किलोमीटर सड़क बनाने का प्रस्ताव पत्र के द्वारा पर्यटन विभाग से प्राप्त हुआ है। जल्द ही विभाग सर्वे कराकर सड़क बनाने के लिए प्रस्ताव भेजकर स्वीकृत कराएगी। एई ने आगे बताया कि स्वतंत्रता सेनानियों के घरों तक एनएच सड़क से जोड़ने का प्रस्ताव सरकार के यहां से भी मिला है। स्वतंत्रतासेनानियों के बारे में विभाग जानकारी एकत्रित करने के लिए सर्वे करा रही है।