झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की रेस में रघुवर दास से लेकर ये बड़े नेता शामिल, पार्टी के अंदर लॉबिंग तेज
टीम एबीएन, रांची। झारखंड भाजपा के विधायक दल के नेता का चयन होने के बाद अब सबकी निगाहें प्रदेश अध्यक्ष के पद पर है। पार्टी के अंदर इसके लिए लॉबिंग भी तेज हो गयी है। सांसद से लेकर विधायक तक इस दौड़ में शामिल हैं। वहीं पार्टी के अंदर भी कई बड़े नजर भावी प्रदेश अध्यक्ष पर है।
अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल कई नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय स्तर के नेताओं से मुलाकात कर अपनी दावेदारी पेश की है। भाजपा विधायक दल के नेता की जिम्मेवारी एक ट्राइबल नेता को दी गयी है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष का पद किसी ओबीसी या एससी समुदाय के नेता को दिया जा सकता है।
पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कई प्रमुख नेता के नाम की चर्चा है। इनमें सबसे प्रमुख नाम पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का है। उन्होंने 10 जनवरी को रांची स्थित झारखंड भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता पुन: ग्रहण की थी जिससे उनकी सक्रिय राजनीति में वापसी हुई है।
इनके अलावा अन्य संभावित दावेदारों में राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और दलित वर्ग से व अमर कुमार बाउरी शामिल हैं।