Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

छतरपुर में कैंप कार्यालय 6 को, आमजनों की समस्याएं दूर करेंगे विभागीय अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
छतरपुर में कैंप कार्यालय 6 को, आमजनों की समस्याएं दूर करेंगे विभागीय अधिकारी
विज्ञापन

कैंप कार्यालय का अधिकाधिक लाभ उठायें स्थानीय लोग : उपायुक्त 

कैंप कार्यालय से आम लोगों को होगा सीधा लाभ 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उपायुक्त शशि रंजन की पहल पर पलामू में अनुमंडल स्तर पर कैंप कार्यालय का अधिष्ठापन किया जा रहा है। पहला कैंप कार्यालय हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय परिसर में 27 फरवरी 2025 को आयोजित किया गया। जबकि दूसरा कैंप कार्यालय 6 मार्च 2025 को छतरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित होगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। उपायुक्त शशि रंजन ने कैंप कार्यालय के दौरान जिले के विभिन्न विभागों के सभी पदाधिकारियों को कैंप कार्यालय में पहुंचने का निदेश दिया है। 

उन्होंने कहा है  कि कैंप कार्यालय में लोगों को विभिन्न सेवाएं प्रदान की जाएगी। पदाधिकारी आमलोगों की समस्याएं सुनेंगे एवं उसका त्वरित समाधान करेंगे। त्वरित समाधान योग्य मामले नहीं रहने की स्थिति में निर्धारित समयावधि में समस्याओं का निष्पादन करेंगे और इसके लिए संबंधित व्यक्ति को अवगत करायेंगे। 

उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय के अधिष्ठान से जिला स्तरीय प्रशासनिक पदाधिकारी लोगों के नजदीकी अनुमंडल में ही समस्याएं सुनकर निदान कर रहे हैं। लोग जिला में जाने से बच पा रहे हैं। इससे उनका अर्थ और समय दोनों की बचत हो रही है, जिसका वह अपने उत्थान में उपयोग कर पायेंगे। उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय के दौरान विकास योजनाओं की भी समीक्षा होगी। इससे संबंधित अनुमंडल क्षेत्र के विकास योजनाओं के प्रगति का आकलन होगा। 

वहीं संबंधित विभागों को पदाधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण से संचालित योजनाओं का भौतिक सत्यापन हो सकेगा और कमियों को दूर करने एवं विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी। विदित हो कि प्रत्येक माह के द्वितीय गुरुवार को छतरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में कैंप कार्यालय का आयोजन किया जाना है। 

वहीं प्रत्येक माह के चतुर्थ गुरुवार को हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय परिसर में कैंप कार्यालय अधिष्ठापित होना है। मार्च माह में द्वितीय गुरुवार को अवकाश घोषित है। ऐसे में उपायुक्त के स्तर पर प्रथम गुरूवार को ही कैंप कार्यालय आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत छतरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में 6 मार्च 2025 को 11 बजे से कैंप कार्यालय अधिष्ठापन की तैयारी की गई है। 

कैंप कार्यालय में कई सेवाएं करायी जायेगी उपलब्ध 

उपायुक्त शशि रंजन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि संबंधित कैंप कार्यालय में पहुंचकर किसी भी सरकारी योजना का लाभ, शिकायत या समस्या का समाधान अवश्य करायें। कैंप कार्यालय में कई सेवाएं उपलब्ध कराई जायेगी। इसमें मुख्य रूप से परियोजनाओं एवं योजनाओं की भूमि चिन्हित, हस्तकत एवं विवाद समाधान किया जायेगा। 

वहीं वन भूमि के बदले अन्य भूमि/ सरकारी भूमि स्थानांतरण, बिजली बिल संबंधी शिकायतों का समाधान, पेयजल समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। इसके अलावा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जायेगा। 

वहीं इससे संबंधित शिकायतों का त्वरित निष्पादन कर आमजनों को सरकार की योजनाओं से अच्छादित करने का कार्य होगा। उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, सर्जन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, हरा राशन कार्ड, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड आदि योजनाओं से योग्य लाभुकों को लाभ प्रदान किया जायेगा।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 87,156