टीम एबीएन, चौपारण (हजारीबाग)। रविवार की शाम महुदी गांव में दिल दहला देने वाली घटना घटी। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खेलते-खेलते तालाब में गिरे, नहीं बची जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय यादव और दिनेश यादव के पुत्र शुभम यादव और उदय यादव (उम्र 12 वर्ष) रविवार शाम साइकिल से घर से निकले थे। खेलते-कूदते वे गांव के बाहरी छोर पर स्थित तालाब तक पहुंच गए। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गए।
साइकिल देखकर हुई अनहोनी की आशंका
काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो गांववालों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे बच्चों की साइकिल देखकर अनहोनी की आशंका हुई। तुरंत गांव के लोग तालाब पहुंचे और किसी तरह बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गाँव में शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद गाँव में मातम पसर गया। मृतकों में एक परिवार का इकलौता बेटा भी था। दोनों बच्चे साधारण परिवार से ताल्लुक रखते थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग उन्हें ढांढस बंधाने में लगे हैं। खबर लिखे जाने तक बच्चों के शव अस्पताल में रखे गये थे और परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे।