- मार्च आते ही मौसम हुआ गर्म, कोल्हान के दो जिलों में पारा 38.9℃ पर पहुंचा
टीम एबीएन, रांची। मार्च महीने के पहले ही दिन राज्य के कई जिलों का अधिकतम तापमान 35℃ से ऊपर पहुंच गया। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा और सरायकेला खरसावां जिले में 01 मार्च को अधिकतम तापमान 38.9℃ सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो 01 मार्च का अधिकतम तापमान है।
वहीं, डाल्टनगंज, चाईबासा, गढ़वा, सरायकेला खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम का अधिकतम तापमान 35℃ से ऊपर रहा। मौसम केंद्र रांची से जारी आंकड़े के अनुसार 01 मार्च को राज्य के लगभग सभी जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से अधिक रिकॉर्ड हुआ है।
मौसम केंद्र, रांची से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा है। सबसे अधिक 38.9 ℃ तापमान बहरागोड़ा और सरायकेला में रिकॉर्ड हुआ है। वहीं, राज्य का न्यूनतम तापमान खूंटी में 14.3 ℃ रिकॉर्ड हुआ है। जबकि राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.3 ℃ और न्यूनतम तापमान 18.2 ℃ रहा।
02 मार्च से 07 मार्च तक भी राज्य में आसमान मुख्यतः साफ और मौसम शुष्क रह सकता है। इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई मौसम चेतावनी नहीं है।