टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग तथा झालसा के संयुक्त तत्वावधान में एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में लीगल लिटरेसी क्लब का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायाधीश सुनील दत्ता तथा विशिष्ट अतिथि न्यायाधीश श्रुति सोरेन थीं।मुख्य कार्यक्रम झालसा, रांची में हुआ, जिसमें एसआर डीएवी पुंदाग सहित झारखंड के लगभग सौ विद्यालय आभासी माध्यम से जुड़े।
उक्त कार्यक्रम में एसआर डीएवी पुंदाग की कक्षा नवम से एकादश तक के विद्यार्थियों तथा उनके शिक्षक - शिक्षिकाओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि न्यायाधीश सुनील दत्ता ने विद्यार्थियों को कानून संबंधी अनेक उपयोगी जानकारी देते हुए अनेक सामाजिक कुरीतियों; यथा बाल मजदूरी, बाल विवाह, डाइन - बिसाहिन, मानव - तस्करी आदि के प्रति जागरूक किया।
प्राचार्य एसके मिश्र ने अपने संदेश में सभी गणमान्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लीगल लिटरेसी क्लब की स्थापना से विद्यार्थियों को तो लाभ होगा ही साथ ही उनके जरिए समाज को भी लाभान्वित किया जा सकेगा, क्योंकि विद्यार्थी ही हमारे समाज की रीढ़ बनेंगे। उक्त कार्यक्रम में झालसा की ओर से अमित कुमार, संध्या कुमारी तथा मासूम रजा ने भी भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।