करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष गणेश सिंह पर बमबाजी के पांच आरोपी गिरफ्तार
ABN Bureau• 28 Dec, 2021
1 Views
विज्ञापन
जमशेदपुर। राजपूत करनी सेना के झारखंड प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष गणेश सिंह की हत्या की नीयत से उसकी कार पर बम फेंकने के मामले का खुलासा सोनारी थाना की पुलिस ने मंगलवार को कर दिया। घटना में शामिल पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि अन्य छह की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपितों से पुलिस को जानकारी मिली कि गणेश सिंह की हत्या के लिए पांच लाख में सौदा हुआ था। दो लाख रुपये का भुगतान किया गया था। गिरफ्तार आरोपितों में शाहिद उर्फ सहजाद, दस्तगीर आलम उर्फ राजू, सज्जाद उर्फ टांडा, अहमद राजा और नीरज प्रसाद उर्फ चिंटू शामिल है। आरोपितों की ओर से पिस्तौल, दो कारतूस, 20 ग्राम विस्फोटक और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद किया गया है। इसकी जानकारी देते हुए एसएसपी तमिल वणन ने बताया कि 23 दिसम्बर को सोनारी सर्किट हाउस साईं मंदिर के पास गणेश सिंह की कार पर अपराधियों ने बम फेंका था। संयोग से बम कार पर नहीं लगकर दीवार में लगते हुए फट गया। कार रुकते ही गणेश सिंह पर गोली चलाने की योजना थी, लेकिन गोली चलाने में विफल रहे। इसके बाद अपराधी भाग निकले। सज्जाद उर्फ टांडा कई आपराधिक मामलों का आरोपित है। जमशेदपुर, ओडिशा और विशाखा पत्तनम में आपराधिक मामले दर्ज हैं। जमीन कारोबारी की मानगो आजादनगर में दानिश की हत्या में संलिप्तता थी।