एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला। जिले के रायडीह में 2 बेटियों के सामने ही पिता की गला रेतकर हत्या कर दी गयी। बेटियां रोती-बिलखती रही, चिल्लाती और गिड़गिड़ाती रही, लेकिन अपराधियों का दिल नहीं पसीजा। घटना रायडीह थाना क्षेत्र के पोगरा गांव के रिगड़ीटांड़ की है। यहा 5 हथियारबंद अपराधियों ने सोमवार सुबह 9:30 बजे पोगरा निवासी प्रसाद साहू (36) पिता सालिग साहू की गला रेतकर हत्या कर दी।
प्रसाद साहू की हत्या करने के बाद सभी बदमाश मोटरसाइकिल से फरार हो गये। प्रसाद साहू की निर्मम हत्या की सूचना पूरे क्षेत्र में फैल गयी। रायडीह पुलिस को भी इसकी सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही चैनपुर के इंस्पेक्टर महेंद्र करमाली घटनास्थल पर पहुंचे। शव का पंचनामा कराने के बाद उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों से बातचीत के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुट गयी मृतक की 9 साल की बेटी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। बच्ची ने बताया कि उसके पिता उच्चडीह गांव की एक शिक्षिका की कार चलाते थे। हर दिन वह शिक्षिका को स्कूल छोड़ने के लिए रायडीह जाते थे। बच्ची अपनी छोटी बहन के साथ राजकीय मध्य विद्यालय उच्चडीह में पढ़ती है।