टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पुंदाग के 25 बच्चों ने भारत स्काउट एवं गाइड के 75 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 दिवसीय विशेष डायमंड जुबली जंबूरी में भाग लिया।ध्यातव्य रहे कि इस वर्ष विशेष जंबूरी का आयोजन तमिलनाडु में त्रिची के सिपकोट इंडस्ट्रियल पार्क में किया गया, जिसमें इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, मलेशिया, सऊदी अरब, नेपाल, श्रीलंका सहित भारत के कुल 25,000 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
पहली बार एसआर डीएवी के स्काउट मास्टर अनुरंजन कुमार और गाइड कैप्टन शिल्पा सिंह के नेतृत्व में एसआर डीएवी पुंदाग के 25 प्रतिभागियों सहित झारखंड के क़रीब 85 प्रतिभागी उक्त जंबूरी में शामिल हुए। राज्य के बालक वर्ग का नेतृत्व जमशेदपुर जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार व बालिका वर्ग का प्रतिनिधित्व फुल केरिया एक्का ने किया।
संख्या बल कम होने के बावजूद सभी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भारत स्काउट एवं गाइड के झारखंड राज्य प्रशासक श्री अनिल कुमार सिंह, रांची जिला संगठन आयुक्त दिलीप कुमार सहित विभिन्न जिला के संगठन आयुक्त तन-मन से आयोजन स्थल पर डटे रहे।
प्राचार्य एसके मिश्र ने दिनांक 24 जनवरी को सभी प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। वहीं गुरुवार को वापस लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया।उन्होंने बच्चों से उनका अनुभव पूछा तथा अगली बार भी इस प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की सलाह दी।
उनके अनुसार विद्यार्थियों के चहुमुखी विकास के लिए इस प्रकार के आयोजनों में भाग लेना लाभप्रद होता है। उन्होंने यह आश्वासन दिया कि अगली बार इस वर्ष के अंत तक छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय जंबूरी में और अधिक प्रतिभागियों को भेजा जायेगा।