टीम एबीएन, मांडर/ रांची। रांची में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, मांडर थाना क्षेत्र के मालटोटी पुल के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक और युवती को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी ऐश्वर्या और देवदास मंडल के रूप में हुई है। दोनों सेंट्रल यूनिवर्सिटी फ झारखंड के छात्र थे। यह हादसा तब हुआ जब वे दोनों कॉलेज जा रहे थे।
मांडर थाना प्रभारी राहुल ने बताया कि सड़क हादसे में सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दो छात्रों की मौत हो गयी है, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। लोगों ने बताया कि बाइक पर सवार सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दोनों छात्र पुल के पास बने डायवर्सन से गुजर रहे थे, इसी दौरान एक मालवाहक ट्रक ने दोनों को पीछे से कुचल दिया। दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गयी।
हादसा इतना भीषण था कि छात्रों की बाइक पूरी तरह से टूटकर बर्बाद हो गयी। घटना के बाद ट्रक का ड्राइवर और खलासी भाग गये। सेंट्रल यूनिवर्सिटी से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में मरने वाले दोनों लोगों में से ऐश्वर्या पश्चिम बंगाल के हावड़ा की रहने वाली है जबकि देवदास बंगाल के सुंदरबन का रहने वाला है।
दोनों मांडर में मकान किराये पर लेकर रहते थे और वहां से रोजाना सेंट्रल यूनिवर्सिटी में क्लास करने आते थे। देवदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहा था जबकि ऐश्वर्या जियो इंफॉर्मेटिक्स में एमएससी कर रही थी।
मांडर थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि घटना के बाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्र काफी आक्रोशित हैं और उन्हें शांत कराया जा रहा है। मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है।