सरायकेला में फिर हुआ रेल हादसा, मालगाड़ी हुई बेपटरी, आवागमन बाधित
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सरायकेला/ रांची। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत राजखरसावां रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे एक मालगाड़ी की तीन बोगियां बेपटरी हो गयीं। चाईबासा (डंगवापोशी) राजखरसावां रेल खंड में लाइन नंबर 5 पर मालगाड़ी बेपटरी हुई।
हालांकि, मालगाड़ी बेपटरी होने से कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन उस रेल लाइन पर आवागमन बाधित है। इसकी सूचना मिलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक को दुरुस्त कराने में जुटे हैं। मालगाड़ी के बेपटरी होने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
मालगाड़ी बेपटरी होने की जानकारी मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी से लेकर आरपीएफ और अन्य कर्मी घटना स्थल पर पहुंचे और डिरेल हुई मालगाड़ी के डिब्बों को हटाकर ट्रैक को दुरुस्त करने में जुट गये हैं। बेपटरी हुई मालगाड़ी को पटरी पर लाने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है।