टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में शहीद दिवस पर कृतज्ञता के साथ महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी तथा बापू गांधी को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही बापू के सम्मान में 2 मिनट का मौन रखा गया।
प्राचार्य एसके मिश्र ने अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी न केवल असाधारण व्यक्तित्व के धनी थे, बल्कि वे एक सच्चे कर्मयोगी भी थे। केवल मात्र देश को स्वतंत्र करवाना ही उनका उद्देश्य नहीं था, बल्कि सामाजिक कुरीतियों, कुसंस्कारों, अस्वच्छता, अस्पृश्यता, गरीबी, अशिक्षा आदि को दूर करना भी उनका लक्ष्य था।
उन्होंने निस्वार्थ भाव से देश की सेवा की। उनके सिद्धांतों पर चलना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उक्त कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थी, शिक्षक और शिक्षिकाओं ने भाग लिया। राष्ट्र गान के साथ सभा समाप्त हुई।