राज्य के कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान : हेमन्त सोरेन
ABN Bureau• 28 Dec, 2021
3 Views
विज्ञापन
एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कंपलेक्स होटवार रांची में आयोजित मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता-2021 के समापन समारोह में कहा कि राज्य में जल्द स्पोर्ट्स पॉलिसी बनाई जाएगी। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के भी युवक-युवतियों के हुनर को भी राज्य सरकार तराश रही है। युवाओं को खेल के क्षेत्र में अधिक मौका मिल सके इस निमित्त नई खेल पॉलिसी का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री आमंत्रण राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2021 का आयोजन एक नई सोच और प्रयोग के साथ किया गया है। खेल की दिशा में राज्य सरकार बेहतर करने का प्रयास कर रही है। राज्य के विकास में खेल रीढ़ का हड्डी बन सकता है। राज्य में खेल के विकास के लिए सहाय योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल को बढ़ावा मिल रहा है। हमारी सरकार का प्रयास है कि राज्य के नौजवान वर्ग एवं छात्र-छात्राएं खेल के माध्यम से अपना कैरियर बना सके तथा राज्य का नाम विश्व में रोशन कर सकें। श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड के कई खिलाड़ियों ने अपने हुनर का लोहा मनवाते हुए देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। यहां के कई खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में देश के लिए कप्तानी भी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के खिलाड़ियों के हुनर और क्षमता को प्लेटफॉर्म देकर उनका मार्ग प्रशस्त करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री आमंत्रण राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन विगत एक माह पूर्व से ही किया गया था। यह फुटबॉल प्रतियोगिता पूरे राज्य भर में उत्साह और उमंग के साथ आयोजित हुआ है। आज यहां इस प्रतियोगिता का समापन हो रहा है। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में लगभग डेढ़ लाख बच्चों ने हिस्सा लिया है।