पिकनिक मनाने गये 3 लड़कों की वाटरफॉल में डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम
टीम एबीएन, बुढ़मू/ रांची। बुढ़मू प्रखंड के तिरूफॉल में डुबने से शुक्रवार को हेहल रांची निवासी स्व पद्मलोचन दास के दो इंजीनियर पुत्रों आशीष कुमार (23) व अंकुर कुमार (26) और करीबी रिश्तेदार चान्हो थाना क्षेत्र के करकट निवासी अशोक गिरि का पुत्र दीपक गिरि (19) की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार ये सभी नयी गाड़ी खरीदने की खुशी में पूरे परिवार के साथ तिरूफॉल में पिकनिक मनाने आये थे।
सुबह दस बजे लगभग तिरूफॉल में नहाने के दौरान अचानक आशीष डूबने लगा और उसको बचाने के प्रयास में दीपक और अंकुर भी डुब गये। तीनों को पानी में डूबते देखकर अंकुर की मां भी तीनों को बचाने के प्रयास में पानी के अंदर गयी लेकिन प्रयास में असफल होने पर बाहर आ गयी।
सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों को रस्सी के सहारे बाहर निकाल कर सीएचसी बुढ़मू लेकर आयी। डॉक्टर ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
आशीष दिल्ली में इंजीनियर था
मृतक आशीष दिल्ली के गुड़गांव में नौकरी करता था जबकि अंकुर भी इंजीनियर था और उसकी हाल में ही रांची के आईएचएम में नौकरी लगी थी। आशीष की छुट्टी खत्म हो गयी थी और आज शाम की फ्लाइट से उसे दिल्ली जाना था। उससे पहले ही यह हादसा हो गया। आशीष और अंकुर की मां पिपरवार थाना में कार्यरत है। दीपक श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज रांची में पढ़ाई करता था।
सुरक्षा की व्यवस्था नहीं
तिरूफॉल सहित प्रखंड के अन्य पर्यटन स्थल में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। तिरूफॉल में गांव के कुछ लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए कमेटी बनाकर रखा गया था लेकिन यह सिर्फ पर्यटकों से वसूली तक सीमित है। इनके पास सुरक्षा की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। सूचना पाकर बीडीओ धीरज कुमार और सीओ सचिदानंद वर्मा सीएचसी पहुंचे। बीडीओ और सीओ ने कहा कि क्षेत्र में स्थित सभी पर्यटन स्थल में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जायेगा।
परिजनों के चीत्कार से गमगीन हुआ माहौल
एक साथ तीन शवों को देख और उनके परिजनों की करुण चीत्कार से बुढ़मू सीएचसी में माहौलगमगीन हो गया। वहां मौजूद हर शख्स की आंखें इनको देख नम हो गयी।