टीम एबीएन, रांची। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मंईयां सम्मान योजना में सामने आई गड़बड़ी के बाद वो महिलाएं परेशान हैं, जिन्होंने अब तक इसके लिए आवेदन नहीं किया है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे आवेदन कहां करें। सरकार ने प्रज्ञा केंद्रों के साथ करार को रद्द कर दिया।
इसलिए प्रज्ञा केंद्र (सीएससी) से अब मंईयां सम्मान योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकते। गड़बड़ी सामने आने के बाद मंईयां सम्मान योजना के लिए अलग पोर्टल लांच किया है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग झारखंड की नई गाइडलाइन के अनुसार सीओ-बीडीओ को लॉग-इन दिया जायेगा।
जब तक अधिकारियों को लॉग-इन आईडी नहीं दिया जा रहा, तब तक पुराने पोर्टल पर ही काम शुरू करने की तैयारी चल रही है। मंईयां सम्मान योजना के पुराने पोर्टल को भी खोलने की तैयारी चल रही है, ताकि पुराने लाभुकों के आवेदन में हुई त्रुटियों को सुधारा जा सके। नये सिरे से महिलाएं आवेदन भी कर सकें।
दरअसल, बड़ी संख्या में ऐसी महिलाएं हैं, जिन्होंने मंईयां सम्मान योजना के तहत अपना पंजीकरण करा लिया है, लेकिन उनके बैंक अकाउंट में पैसे नहीं आ रहे हैं। इनके आवेदन में कुछ सामान्य त्रुटियां रह गयी होंगी, जिसकी वजह से पैसे उनको नहीं मिल पा रहे हैं।