समाचार पत्रों ने की न्यूज प्रिंट पर से जीएसटी हटाने की मांग
टीम एबीएन, रांची। पूरे देश में समाचार पत्रों के समक्ष गहराते संकट और मौजूदा समस्याओं को दूर करने के लिए नवगठित अखिल भारतीय समाचार पत्र प्रकाशक - संपादक संघ की आज यहां रांची प्रेस क्लब में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में अखबारी कागज (न्यूज प्रिंट) को पूरी तरह जीएसटी से मुक्त करने की मांग की गयी।
इस मांग को लेकर संघ आगामी फरवरी माह में नयी दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मेलन आयोजित करेगा और केंद्र सरकार से इस समस्या का हल निकालने का आग्रह करेगा।
बैठक में उपस्थित बिहार, झारखंड, नयी दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों के चार दर्जन से अधिक समाचार पत्रों के प्रकाशकों-संपादकों ने कहा कि आज देश के समाचार पत्र कई कठिनाइयों के दौर से गुजर रहे हैं और इन्हें दूर करने के लिए संघ निरंतर प्रयास करेगा।