- आज सवा लाख हनुमान भक्त सामूहिक रूप से करेंगे हनुमान चालीसा का पाठ
- प्रात: आठ बजे से रुद्राभिषेक, ग्यारह बजे से विशेष भजन कीर्तन यूपी के कलाकारों द्वारा और अपराह्न सवा बजे से नागपुरी भजन संध्या का होगा आयोजन
टीम एबीएन, लोहरदगा/ रांची। माता अंजनी और पवनपुत्र हनुमान की जन्मस्थली अंजनी धाम में 12 जनवरी को सवा पांच लाख श्रीराम भक्त सामूहिक रूप से अपराह्न तीन बजे हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। यह जानकारी अंजनी धाम समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबा दिवाकर पाठक ने दी।
उन्होंने कहा कि अंजनीधाम श्रीराम और हनुमान जी के जयकारे से गूंज उठेगा। अयोध्या में राम जन्मभूमि स्थापना वर्षगांठ और युवा दिवस के शुभ अवसर पर यह कार्यक्रम किया जा रहा है। 10 जनवरी से इस कार्यक्रम का शुभारंभ हो चुका है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष बाबा दिवाकर पाठक ने कहा की हनुमान जी के जन्मस्थली अंजनी धाम को ग्लोबल पहचान दिलाया जायेगा। इस उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं का एकत्रीकरण होता है। गत वर्ष डेढ़ लाख राम भक्तों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया था।
उन्होंने बताया कि रविवार को प्रात: आठ बजे से रुद्राभिषेक का कार्यक्रम शुरू होगा। 11 बजे उत्तर प्रदेश के कलाकारों के द्वारा भजन कीर्तन और प्रभु श्री राम और हनुमान जी पर आधारित संस्कृतिक संध्या का कार्यक्रम किया जाएगा।
सामूहिक हनुमान चालीसा कार्यक्रम के उपरांत सवा तीन बजे से झारखंड के विभिन्न जिलों से आए कीर्तन मंडलियों के द्वारा नागपुरी भजन संध्या का कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि आॅनलाइन भी बड़ी संख्या में लोग सामूहिक हनुमान चालीसा में भाग लेंगे।
झारखंड के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से साधु, संत, भक्तिमय इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। तमाम लोगों को आमंत्रित किया जा चुका है। सभी लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही है। अंजनी धाम में सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
माता अंजनी के मंदिर को भव्य स्वरूप दिया गया है। उन्होंने तमाम भक्तों से अंजनी धाम आकर इस कार्यक्रम में शामिल होने और सहभागी बनकर पुण्य का लाभ लेने की अपील की है।