Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

इतिहास के पन्नों में डोंबारी बुरु गोलीकांड के बलिदानियों को भुला दिया गया : हेमंत सोरेन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
इतिहास के पन्नों में डोंबारी बुरु गोलीकांड के बलिदानियों को भुला दिया गया : हेमंत सोरेन
विज्ञापन

सीएम हेमंत ने डोंबारी बुरु गोलीकांड में शहीद हुए वीरों को दी श्रद्धांजलि 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने डोंबारी बुरु गोलीकांड में शहीद हुए असंख्य वीरों को श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है। सीएम हेमंत ने कहा कि देश की आजादी और हक-अधिकार की लड़ाई में झारखंड के असंख्य वीर पुरुखों ने अपना बलिदान दिया है, लेकिन इतिहास के पन्नों में इन बलिदानों को कहीं भुला दिया गया। 

हमें साथ मिलकर अपने वीर पुरुखों के महा बलिदानों को उचित स्थान दिलाना होगा। सीएम हेमंत ने आगे कहा कि डोंबारी बुरु गोलीकांड की घटना ऐसी ही एक वीभत्स घटना है, जहां झारखंडी अस्मिता, हक-अधिकार और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजों से लोहा लेते हुए हमारे असंख्य वीर पुरुखों ने बलिदान दिया था। हमारे वीर पुरुखों के बलिदान को कभी भूलने नहीं दिया जायेगा। 

झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड का डोंबारी बुरू अंग्रेजों की क्रूरता का गवाह है। भगवान बिरसा मुंडा के आह्वान पर यहां अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई की रणनीति बना रहे हजारों आदिवासियों पर ब्रिटिश हुकूमत ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इसमें सैकड़ों आदिवासी शहीद हो गये थे, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए थे। वह दिन 9 जनवरी, 1899 का था। 

डोंबारी बुरू की ये घटना जलियांवाला बाग हत्याकांड (13 अप्रैल 1919) से पहले हुई थी। भगवान बिरसा मुंडा अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान को लेकर 9 जनवरी 1899 को अपने अनुयायियों के साथ सभा कर रहे थे। इस सभा की सूचना मिलने पर अंग्रेज सैनिक वहां आ धमके और सभास्थल को चारों ओर से घेर लिया। अंग्रेजों ने सभास्थल पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। 

बिरसा मुंडा और उनके साथियों ने भी काफी संघर्ष किया। इस गोलीबारी के बीच बिरसा मुंडा किसी तरह से निकलने में सफल रहे, लेकिन सैकड़ों आदिवासी शहीद हो गये। इस हत्याकांड में शहीद हुए लोगों की याद में यहां हर साल 9 जनवरी को मेला लगाया जाता है। मेले में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है?

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 83,392