एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। हीरोडीह थाना क्षेत्र के कोदंबरी में मंगलवार की रात चोरों ने दो जेवर दुकान से नगदी समेत 30 लाख के जेवरात पर हाथ साफ किया है। जिन दो दुकानों में चोरी हुई उनमें हीरोडीह थाना इलाके के कोदंबरी में संचालित वंदना ज्वेलर्स और आरएस ज्वेलर्स शामिल हैं।
भुक्तभोगी सीताराम स्वर्णकार और सुधीर स्वर्णकार ने बताया कि हर दिन की तरह कल रात भी दोनों अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह पहुंचे तो देखा कि दोनों ही दुकान का शटर टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। दुकान के अंदर रखे हुए सोने-चांदी के जेवर के अलावा नगदी गायब थे।
आरएस ज्वेलर्स के संचालक के मुताबिक उनके दुकान से करीब 6 लाख का जेवर और 85 हजार रुपये नगद गायब है। वंदना ज्वेलर्स के संचालक का कहना है कि चोरों ने उनकी दुकान से लगभग 20 से 30 लाख के सामान की चोरी की है।
उनका कहना है कि चोरों ने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी को तोड़ दिया और डीबीआर भी ले गए। सूचना मिलने के बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है, जो चोरों की गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी में जुटी हुई है।