एबीएन न्यूज नेटवर्क, चरही (हजारीबाग)। हजारीबाग जिले से नव वर्ष के दिन एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है जहा चुरचू प्रखंड के ग्राम सरबहा में कुआं में डूबने से पांच दोस्तों की मौत हो गयी। घटना का कारण पति-पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सरबहा के विनय करमाली का पत्नी के साथ आये दिन विवाद होता रहता था।
आज सुबह भी उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ। जिसके बाद वो घर से गुस्से में निकल गया। उसके बाद अपने चार दोस्तों के साथ खाया पीया। वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी गांव में कुआं अवस्थित है। उसने अचानक वहां बाइक रोकी और कुएं में छलांग लगा दी। उसके पीछे उसके दोस्त थे। उन्होंने तुरंत बाइक रोकी और उसे बचाने के लिए एक एक कर कुएं में कूद गये।
दुर्भाग्य रहा कि विनय के साथ उन चारों दोस्तों की भी कुएं में दम घुटने से मौत हो गयी। जानकारी के बाद सभी मृतकों को ग्रामीणों ने मशीन से कुएं के बाहर बहुत मशक्कत से निकाला। मृतकों में सुंदर करमाली, राहुल करमाली, सुरज भुइयां, विनय करमाली, पंकज करमाली शामिल है, जिसमें एक ही परिवार के दो भाई भी हैं।
एक घर का चिराग बूझ गया। एक को बचाने को लेकर चार अन्य दोस्त की जान चली गयी। सभी का उम्र लगभग 25 से 28 तक बताया जा रहा है। मौके पर चरही पुलिस पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले कर कागजी कार्रवाई में जुटी हुई है।
सांसद पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस, शोकाकुल परिजनों से मिलकर बढ़ाया हिम्मत
इधर घटना की जानकारी पाते ही हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल तत्काल मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया त्वरित कराने में सहयोग करते हुए हुए शोकाकुल परिवारजनों से मिलकर उनके इस विकट दु:ख की घड़ी में ढाढ़स बंधाया और हिम्मत बढ़ाया।
साथ ही उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा भी जताया। सांसद मनीष जायसवाल ने मृतकों के परिवारजनों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी करायी। अस्पताल से ही सांसद मनीष जायसवाल ने संबंधित सीओ और थाना प्रभारी को हर संभव सहयोग का निर्देश भी दिया।