झारखंड के गुमला में आइइडी की चपेट में आयी 5 साल की बच्ची, गंभीर रूप से हुई घायल, लकड़ी चुनने गयी थी जंगल
टीम एबीएन, गुमला/ रांची। झारखंड के गुमला, लोहरदगा और लातेहार जिला से सटे जंगलों में नक्सलियों ने आइइडी बम लगा रखे हैं। वहीं इन आइइडी बम के चपेट में आने से लोग बुरी तरह घायल हो रहे हैं। एक बार फिर गुमला जिले में आइइडी ब्लास्ट हुआ है। इस ब्लास्ट में एक मासूम बच्ची बुरी तरह से घायल हो गयी।
जानकारी के मुताबिक नक्सल प्रभावित कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के सकरा पानी गांव स्थित जंगल की है। घायल बच्ची की पहचान 5 साल की अनुष्का कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची जंगल में लकड़ी चुनने गयी थी। तभी जंगल में नक्सलियों द्वारा बिछाया गया एक आइइडी विस्फोट हो गया।
इसी विस्फोट की चपेट में आकर बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी। वहीं, सूचना मिलते ही कुरुमगड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर घायल बच्ची को गुप्त तरीके से इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के पेट से आंत बाहर आ गयी है। काफी खून भी बह रहा है। ऐसे में घायल बच्ची को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।