प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में कोई बिचौलिया नहीं आये यह सुनिश्चित करें, अगर संबंधित प्रखंड से किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, तो त्वरित कार्रवाई की जायेगी : मंजूनाथ भजंत्री
टीम एबीएन, ओरमांझी/ रांची। रांची उपायुक्त ने बुधवार को को प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय ओरमांझी का औचक निरीक्षण किया। प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचते ही उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों/कर्मियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक उपस्थिति के बिना सभी अनुपस्थित माने जायेंगे, ससमय कार्यालय आयें और अपनी बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करें।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय में निष्पादित किये जाने वाले सभी कार्यों की जांच की गयी
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में निष्पादित किये जाने वाले सभी कार्यों की जांच की। उन्होंने लॉग बुक, आगत-निर्गत पंजी, रोकड़ पंजी, संचिका, जनशिकायत, पेंशन तथा अन्य की जांच करते हुए कहा कि सभी आवेदनों का त्वरित गति से निष्पादन करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रुप से कार्यालय का चक्कर न काटना पड़े। उपायुक्त ने बीडीओ/सीओ एवं सभी कर्मचारियों को जिला प्रशासन द्वारा जारी किये गये अबुआ साथी व्हाट्सएप नंबर 9430328080 का प्रचार-प्रसार करने को कहा।
समुचित साफ-सफाई का निर्देश
उपायुक्त श्री भजंत्री ने पूरे प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर का भ्रमण करते हुए साफ-सफाई कराने का निर्देश दिये।
बिचौलियों पर सख्त
उपायुक्त ने कड़े शब्दों में निर्देश देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ओरमांझी को कहा कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में कोई बिचौलिया नहीं आये यह सुनिश्चित करें। अगर संबंधित प्रखंड से किसी प्रकार कि शिकायत प्राप्त होती हैं, तो त्वरित कार्रवाई की जायेगी।
आमजनों की विभिन्न जगहों से मिल रही शिकायत पर उपायुक्त रांची काफी गंभीरता से सभी शिकायतों को ले रहे हैं। जिसको लेकर वे अचानक से अंचल और प्रखंडों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। उसी कड़ी में आज वे ओरमांझी प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। किसी भी आम नागरिकों को किसी परिस्थिति में सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं काटना पड़े ये सभी पदाधिकारी सुनिश्चित करें।
आम नागरिक को काम करवाने के लिए किसी प्रकार कि देन-लेन की शिकायत मिलने पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जायेगी। जानकारी हो कि उपायुक्त रांची लगातार सभी अंचलों, प्रखंडों, सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि इसी तरह निरीक्षण और कार्रवाई होते रहेगी।