एबीएन डेस्क, धनबाद। कोरोना के खतरे के बीच ओमिक्रोन ने देश की चिंता बढ़ा दी है। डेल्टा के मुकाबले ओमिक्रोन काफी तेजी से लोगों को गिरफ्त में ले रहा है। यही वजह है कि खतरे को देखते हुए धनबाद जिला प्रशासन ने महामारी से लड़ने की कवायद तेज कर दी है। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखकर चेताया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने इस चिट्ठी में कहा है कि ओमिक्रोन कोरोना के डेल्टा वेरिएंट के मुकाबले तीन गुना तेजी से फैलता है। इसलिए जिला स्तर पर व्यवस्था दुरुस्त करने की बात केंद्र ने कही है। खतरे की आहट को देखते हुए धनबाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। वहीं एक तरफ जहां महामारी से मुकाबले के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय दिख रहा है तो वहीं बीमारी से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने भी कमर कस ली है। न्यू ईयर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सचेत रहने को कहा है। इसके अलावा बचाव और सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर पुलिस प्रशासन अब सख्ती बढ़ा सकती है।