साहिबगंज में सीएम हेमंत सोरेन ने लोगों से किया वादा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, साहिबगंज। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को साहेबगंज के बरहेट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वीर शहीद सिदो-कान्हू के जन्मस्थली भोगनाडीह पहुंचे। जहां सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन और परिसंपत्तियों का वितरण किया। मौके पर सीएम हेमंत ने कहा कि हमें इस सोना रूपी राज्य को सोने की तरह बनाना है और पिछड़ेपन के लगे कलंक को मिटाना है। राज्य की जनता ने जिस प्रकार से हमें जिम्मेदारी सौंपी है वह उस पर खरा उतरने का काम करेंगे। उन्होंने लोगों से वादा किया कि वह जनता के विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि हमारी सरकार आधी आबादी को लगातार आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। मइंयां सम्मान योजना के तहत अब तक 50 लाख महिलाओं को उनके खाते में राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने राज्य की जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वह उनके विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे।
सीएम हेमंत सोरेन साहिबगंज और पाकुड़ के लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने साहिबगंज के 247.44 करोड़ रुपये की लागत से 224 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। वहीं, 103.52 करोड़ रुपये की लागत से पाकुड़ जिले की 107 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
इसके अलावा 137 करोड़ रुपये साहिबगंज व 50.37 करोड़ रुपए पाकुड़ के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। मौके पर उनकी पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, राजमहल विधायक एमटी राजा, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, झामुमो के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, केंद्रीय कमेटी के सदस्य संजय गोस्वामी सहित कई लोग मौजूद थे।