मंईयां सम्मान की राशि वापस लेने की तैयारी में हेमंत सरकार, बोले मरांडी, मुख्यमंत्री बनते ही नीयत में आयी खोट
टीम एबीएन, रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर हेमंत सरकार पर हमला बोला है। बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट साझा कर कहा कि मुख्यमंत्री बनते ही हेमंत सोरेन की नियत में खोट आ गयी है। चुनाव से पहले बेरोकटोक मुफ्त के रेवड़ी की तरह मंईयां सम्मान योजना की राशि बांटने वाली हेमंत सरकार अब महिलाओं से वसूली की तैयारी कर रही है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विभागों को विशेष दिशा-निर्देश दिये जा रहे हैं कि येन केन प्रकारेण, योजना का लाभ उठाने वाली महिलाओं का नाम छांटकर लाभुकों की संख्या सीमित रखी जाये। लाभुक सत्यापन के नाम पर महिलाओं को योजना के लाभ से वंचित रखने का प्रयास करने वाली हेमंत सरकार चुनाव के दरम्यान सभी महिलाओं को 2500 रुपये मासिक वित्तीय सहायता देने का दंभ भरते थे।
लेकिन सरकार बनते ही हेमंत सोरेन ने मंईयां सम्मान योजना में कई नयी शर्तें थोप दीं हैं। मरांडी ने आगे कहा कि हेमंत जी, बिना जांच के पैसे देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो, न कि लाभुक महिलाओं पर। भाजपा महिलाओं से मंईयां सम्मान योजना की राशि वसूली नहीं होने देगी।