आयुक्त ने जेडआरएस के संतरा बागान एवं हरिहरगंज के अमरूद बागान का किया अवलोकन
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केन्द्र (जोनल रिसर्च सेंटर/ जेडआरएस), चियांकी परिसर में अवस्थित संतरा बागान का भ्रमण कर संतरा के पेड़ों एवं उसमें लगे फलों का अवलोकन किया। कम बारिश एवं उच्च तापमान वाले पलामू जैसे स्थान पर संतरा के फलों को देखकर वे काफी प्रभावित हुए।
भ्रमण के दौरान उपस्थित जेडआरएस के सह निदेशक डॉ अखिलेश साह ने आयुक्त को जेडआरएस द्वारा किये जा रहे कार्यों एवं अनुसंधान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। आयुक्त ने संतरा बागान के साथ-साथ वहां मेढ़ विधि मेंं लगे अरहर की खेती एवं विभिन्न प्रजातियों के गेहूं की लग रही फसलों का अवलोकन किया। उन्होंने संतरा का स्वाद का नागपुरी संतरा के स्वाद से तुलनात्मक जानकारी ली।
इसके अलावा अनुसंधान केंद्र में तैयार किये जा रहे पौधे, पॉली हाउस के माध्यम से खेती की विधि, उनके गुणवत्ता एवं उपज, आम, आंवला, अमरूद की बागवानी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों को यहां भ्रमण कराते हुए अधिक उत्पादन वाले खेती करने एवं उद्यानिकी फसलों को लगाने की दिशा में प्रेरित कराने की सलाह दी।
इधर, पिछले दिनों आयुक्त ने हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र के कटकोंबा गांव में बंजर भूमि पर किसान अजय मेहता द्वारा की गयी अमरूद की खेती सहित मौसंबी एवं अन्य उद्यानिकी फसलों का अवलोकन कर जानकारी ली। किसान अजय मेहता सैकड़ों एकड़ भूमि पर उद्यानिकी फसलों को लगाया है। आयुक्त को किसान अजय मेहता ने बताया कि उनके बागान में उत्पादित थाई प्रजाति की अमरूद बिहार के पटना, गया एवं अन्य दूसरे शहरों में भेजा जाता है।
आयुक्त ने कहा कि उद्यानिकी फसलों में पलामू प्रमंडल के किसान आत्मनिर्भर हो सकते हैं। पलामू में कृषि विज्ञान केन्द्र, क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र स्थापित है। यहां के किसान भी इनोवेटिव हैं, जो कृषि एवं उद्यानिकी फसलों में प्रयोग कर अपनी पहचान बनाये हुए हैं। इसके अलावा सरकार के द्वारा किसानों को जागरूक एवं प्रेरित किया जाता रहा है।
साथ की किसानों को उन्नत प्रभेद की बीज उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की बिरसा हरित ग्राम योजना से भी बागवानी कर किसान अपनी जिंदगी बदल रहे हैं। उन्होंने पलामू प्रमंडल के किसानों से भी कृषि वैज्ञानिकों से सलाह एवं मिट्टी की जांच कराकर तथा ट्रायल के उपरांत फसलों का विस्तार देने की सलाह दी है। आयुक्त के भ्रमण के दौरान जेडआरएस के सह निदेशक अखिलेश साह, प्रमंडलीय जनसंपर्ककार्यालय के सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी बिजय कुमार ठाकुर आदि उपस्थित थे।