- गुमला में सड़क हादसा, दो बाइक की टक्कर में 2 की मौत, तीन घायल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला। जिला में डुमरी थाना क्षेत्र के नवाडीह पंचायत अंतर्गत बिर्री पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां दो बाइक की सीधी भिड़ंत होने से मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गयी। वहीं इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं।
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के बताये अनुसार, शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार से आ रही बाइक सवार विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक की सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये और उसमें सवार लोग हवा में उछल गये। जिससे सभी सड़क पर ही इधर-उधर गिर गये। वहीं ग्रामीणों एवं राहगीरों के सहयोग से 108 नंबर में फोन किया व पुलिस प्रशासन को सूचना दी गयी।
जानकारी मिलने के बाद मौके पर एंबुलेंस के पहुंचने पर सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया है।
इस हादसे में मारे गये लोगों में अनमोल कुजूर (35 वर्ष) पिता लाजरुस कुजूर ग्राम बिर्री और पिंगल मिंज (30 वर्ष) पिता एडवर्ड मिंज शामिल हैं। वहीं घायलों में जेम्स मिंज (45 वर्ष) पिता स्व गब्रियल मिंज ग्राम बिर्री, प्रताप केरकेट्टा पिता बसिल केरकेट्टा (30 वर्ष) भेलवतला एवं माइकल बरवा (32 वर्ष) पिता प्रकाश बरवा भेलवतला के नाम शामिल हैं।