कोडरमा। रमेश प्रसाद यादव मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का उदघाटन मैच रविवार को स्पोर्टिंग यूनियन और बजरंग स्पोटिँग के बीच खेला गया, जिसमें स्पोर्टिंग यूनियन ने एक रन से जीत दर्ज की। कोडरमा जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के क्रिकेट खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने में सफल रहे हैं। जिले में सीमित संसाधन के बावजूद खिलाड़ी को उचित मंच प्रदान करना, खिलाड़ियों को तराशना और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन का प्रयास सराहनीय है। उक्त बातें केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और कोडरमा की लोकप्रिय सांसद अन्नपूर्णा देवी ने आज रमेश प्रसाद यादव मेमोरियल सीनियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन के मौके पर कही। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से लगातार जिला क्रिकेट एसोसिएशन इतना भव्य टूर्नामेंट का आयोजन करता रहा है, जिसमें पूरे जिले भर से सैकड़ों खिलाड़ी भाग लेते हैं और अपनी प्रतिभा को दिखाते हैं। ऐसे ही टूर्नामेंट के बदौलत यहां के कई खिलाड़ी राज्य स्तर तक का सफर तय कर चुके हैं और हमें विश्वास है कि आगे भी कोडरमा के खिलाड़ी राज्य स्तरीय टीम में अपनी प्रतिभा को साबित करेंगे। उन्होंने कहा केडीसीए अच्छा कार्य कर रही है। कोडरमा के लिए बहुत खुशी की बात है की केडीसीए के सचिव दिनेश सिंह झारखंड अंडर-19 टीम का मैनेजर बनकर झारखंड का नेतृत्व कर रहे हैं। और उनके मैनेजर शिप में झारखंड ने पंजाब, यूपी, आसाम और विदर्भ जैसे मजबूत टीमों को अभी तक हराया है और उम्मीद है कि आगे के भी मैच में झारखंड की टीम ऐसे ही जीतती रहेगी। मौके पर मौजूद विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि कोडरमा में क्रिकेट एसोसिएशन काफी गतिशील है इनके द्वारा सालों भर क्रिकेट गतिविधियां होती रहती है जिसका परिणाम है कि यहां के खिलाड़ी जिला से लेकर राज्य स्तर तक अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे हैं। खिलाड़ियों को समुचित सुविधा देने का मेरे स्तर से जो भी प्रयास होगा मैं करूंगा। इसके पूर्व मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी और विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और बल्लेबाजी कर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। समारोह की अध्यक्षता केडीसीए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा और संचालन कोषाध्यक्ष मनोज सहाय पिंकू ने किया। मौके पर अनिल सिंह कृष्णा बरह पुरिया पंकज सिंह सुनील जैन आलोक पांडे उमेश सिंह धर्मेंद्र सिंह राकेश पांडे धर्मेंद्र कौशिक सोनू खान सुमन कुमार पवन सिंह सुरेंद्र प्रसाद ओम प्रकाश अमिताभ सिंह डॉ अनुराग पिंटू शुक्ला धीरज पांडेय, अनुराग सिंह राजकुमार यादव मो तौसीफ, बबलू सिंह, राजू यादव, अजय कुमार, अरुण कुमार सहित सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद थे।