टीम एबीएन, रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के कैबिनेट विस्तार में कुल 11 मंत्रियों ने शपथ ली है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राजभवन में सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई है। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।
कांग्रेस से विधायक इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की और राधाकृष्ण किशोर हेमंत कैबिनेट में मंत्री बने हैं। जबकि झामुमो से दीपक बिरुआ, हफीजुल हसन, रामदास सोरेन, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार सोनू और चमरा लिंडा मंत्री बने हैं।
रामदास सोरेन की बात करें तो उन्हें चंपई सोरेन की जगह पर मंत्री बनाया गया है। वहीं, आरजेडी से संजय प्रसाद यादव ने शपथ ली। जो गोड्डा से तीसरी बार विधायक बने हैं। उन्होंने भाजपा के अमित मंडल को हराया था। संजय प्रसाद को लालू परिवार का करीबी माना जाता है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को एक ही मंत्री पद मिला है। पार्टी ने 6 सीट पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 4 पर उसके उम्मीदवार विजयी हुए। बता दें कि इंडिया गठबंधन के सबसे बड़े घटक झामुमो ने 43 सीट पर चुनाव लड़ा और 34 सीट जीतीं, जो विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा जीती गयी अब तक की सबसे अधिक सीट है।
कांग्रेस को 16, राजद को चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) (भाकपा-माले) लिबरेशन को दो सीट मिलीं। भाजपा ने 68 सीट पर चुनाव लड़ा, 21 सीट पर जीत हासिल की और विधानसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।
झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने लगातार दूसरी बार झारखंड में सत्ता हासिल की और 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीट हासिल की। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 24 सीट मिली।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.