- मंईयां योजना और वृद्धा-विधवा पेंशन में गड़बड़ियां दूर करे हेमंत सरकार : बाबूलाल मरांडी
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मंईयां सम्मान योजना और वृद्ध एवं विधवा पेंशन में कई स्तरों पर गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए राज्य की हेमंत सोरेन सरकार से इन्हें दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
मरांडी ने कहा कि वे पिछले दो दिनों से धनवार विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं। धनवार प्रखंड के कोड़ाडीह, जगदीशपुर समेत एक दर्जन से भी ज्यादा अन्य गांवों की कई महिलाओं ने अपनी समस्याओं को साझा किया।
महिलाओं ने बताया कि वे मंईयां सम्मान योजना के लाभ से वंचित हैं। कई पात्र महिलाओं के फॉर्म भरे ही नहीं गये हैं, जिसके कारण उन्हें योजना का कोई लाभ नहीं मिल पाया है। मंईयां योजना के लिए चुनी गयी महिलाओं को राशि भुगतान में भी भारी लापरवाही बरती जा रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि धनवार विधानसभा क्षेत्र समेत राज्य के दूसरे इलाकों में भी विशेष शिविर का आयोजन कर मंईयां सम्मान योजना से वंचित सभी महिलाओं के फॉर्म भरे जाएं और उन्हें योजना का भुगतान समय से प्रदान किया जाये।