- झारखंड में महंगा हुआ आलू, पश्चिम बंगाल के आपूर्ति पर पाबंदी लगाने से राज्य में बढ़े दाम
टीम एबीएन, रांची। पश्चिम बंगाल से आलू की आपूर्ति पर कथित रूप से पाबंदी लगाये जाने के बाद झारखंड के खुदरा बाजार में पिछले 2 दिन में आलू की कीमत में 5 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल के आलू व्यापारियों के एक संगठन के अनुसार, आलू का भंडार बनाए रखने और इसकी कीमत को नियंत्रित करने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने अंतरराज्यीय आपूर्ति पर कथित रूप से पाबंदी लगा दी है।
झारखंड में पूरे वर्ष 60 प्रतिशत आलू की मांग पश्चिम बंगाल जबकि शेष मांग उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और स्थानीय उत्पादन से पूरी होती है। कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी), जमशेदपुर के सचिव अभिषेक आनंद ने बताया कि हर ट्रक में 20-22 टन आलू होता है और यह पश्चिम बंगाल से झारखंड आता है।
हमें बताया गया है कि ट्रकों को बृहस्पतिवार से बंगाल की चौकियों पर रोक दिया गया है, जिससे राज्य में शुक्रवार से थोक व खुदरा बाजारों में आलू की कीमतें बढ़ गयीं। रांची के खुदरा बाजार में बंगाल के आलू की कीमत शनिवार को बढ़कर 35-40 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी, जो शुक्रवार को 32-35 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
पश्चिम बंगाल प्रोग्रेसिव पोटैटो ट्रेडर्स एसोसिएशन (डब्ल्यूबीपीपीटीए) के पूर्व अध्यक्ष और सलाहकार बिभास कुमार डे ने फोन पर बताया, पश्चिम बंगाल पुलिस ने दूसरे राज्यों में आलू के निर्यात पर अंकुश लगाने के लिए सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार शाम से पुलिस जांच के दौरान आलू से लदे सैकड़ों ट्रकों को वापस भेज दिया गया। इस कदम से व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा है।